
रांची: राजधानी के डोरंडा कॉलेज में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। कॉलेज परिसर में लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच अब छेड़छाड़ के एक नए मामले ने छात्रों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक कॉलेज की एक छात्रा ने अपने साथ हुई छेड़छाड़ की शिकायत शिक्षकों से की थी। आरोप है कि शिकायत सुनने के बजाय एक शिक्षक ने छात्रा के प्रति ही आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। मामला तब और गंभीर हो गया जब छात्रा अपनी मां के साथ शिकायत दर्ज कराने पहुंची, लेकिन वहां भी दोनों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगा। इस दौरान छात्रा की मां भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े।

घटना के बाद कॉलेज में माहौल तनावपूर्ण हो गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकजुट होकर प्रदर्शन पर उतर आए और संबंधित शिक्षक से सार्वजनिक माफी की मांग करने लगे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि कॉलेज में छात्राएं अब खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं और लगातार हो रही ऐसी घटनाएं शिक्षण संस्थान की गरिमा को प्रभावित कर रही हैं।
हालांकि विरोध कर रहे कई छात्रों के मन में यह डर भी देखा गया कि कहीं इस आंदोलन का असर उनके परीक्षा परिणाम या आंतरिक मूल्यांकन पर न पड़े। छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और छात्राओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।