
गिद्दी।एनसीओइए के कार्यकारी अध्यक्ष सह सेफ्टी बोर्ड सदस्य अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को गिद्दी ए पीओ आरके सिंह के साथ बैठक कर गिद्दी कॉलोनी में चरमराई बिजली एवं जलापूर्ति व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में ईएंडएम विभाग के रजनीकांत, सिविल विभाग से मो. यासिर, बंद एक नंबर क्वायरी के अधिकारी तथा ऑफिसर कॉलोनी फिल्टर प्लांट के फोरमैन मौजूद थे। बैठक में अरुण कुमार सिंह ने कहा कि डीवीसी द्वारा शटडाउन लिए जाने के कारण कॉलोनी में सुबह नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक बिजली बाधित रहती है। इसके बाद बिजली बहाल होने पर भी देर रात तक आंख-मिचौनी जारी रहता है। जिससे कॉलोनीवासियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली बाधित रहने से जलापूर्ति व्यवस्था भी खराब हो गई है। उन्होंने बताया कि गिद्दी ए की बंद एक नंबर खदान में तीन मई से स्विच जला हुआ है। इसके कारण दो मोटरों के स्थान पर केवल एक मोटर से ऑफिसर कॉलोनी फिल्टर प्लांट में जलापूर्ति की जा रही है। जो नाकाफी है।उसमें भी प्रतिदिन करीब डेढ़ घंटे तक सीधे ऑफिसर कॉलोनी में पानी दिया जाता है। इसका परिणाम यह है कि बिजली की अनियमितता और स्विच खराब रहने के कारण दुर्गा मंडप एवं पहाड़ी टंकी तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे इन क्षेत्रों के क्वार्टरों में नियमित जलापूर्ति ठप है और कॉलोनी में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। अरुण कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि तीन मई से स्विच जलने के बावजूद प्रबंधन ने अब तक उसे दुरुस्त कराने की प्रक्रिया तक शुरू नहीं की है, जो उनकी उदासीनता को दर्शाता है। शिकायत करने पर संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। बैठक में प्रबंधन ने स्विच को अविलंब बनवाने तथा डीवीसी से बिजली आपूर्ति सामान्य होते ही कॉलोनी में नियमित जलापूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया।
मौके पर यूनियन के राजेश गुप्ता, मिठाई लाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।