
रामगढ़: भारी वर्षा एवं वज्रपात के कारण गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में पशुओं की मृत्यु की सूचना प्राप्त होने पर उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को जिला एवं प्रखंड स्तर की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण दल में अंचल अधिकारी गोला, अंचल निरीक्षक गोला, पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की टीम, थाना प्रभारी बरलंगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। टीम ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की तथा घटना से हुई क्षति का विस्तृत आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि 12 मई 2026 को हुई भारी वर्षा एवं वज्रपात की घटना में 13 किसानों के कुल 26 पशुओं की मृत्यु हुई है। मृत पशुओं में 7 गाय एवं 19 बैल शामिल हैं। अधिकारियों ने पशुपालकों से घटना की जानकारी प्राप्त करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
पशुपालन विभाग की टीम द्वारा मृत पशुओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। टीम ने बताया कि पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा भुगतान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
उपायुक्त श्री ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम एवं वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें तथा अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचें।