दाखिल-खारिज मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर रामगढ़ जिले के सभी अंचलों में लगेगा विशेष राजस्व कैंपBy Admin Fri, 15 May 2026 07:51 PM

रामगढ़: उपायुक्त, रामगढ़ श्री ऋतुराज द्वारा जिले के विभिन्न अंचलों में लंबित दाखिल-खारिज मामलों के शीघ्र निष्पादन एवं आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष राजस्व कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। जिले के सभी अंचलों में 18 मई 2026, 19 मई 2026 एवं 20 मई 2026 को विशेष राजस्व कैंप का आयोजन किया जाएगा।

कैंप का मुख्य उद्देश्य लंबित दाखिल-खारिज मामलों का निष्पादन, अभिलेखों का सत्यापन, त्रुटियों का निराकरण तथा आम नागरिकों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराना है।

जारी आदेश के अनुसार 18 मई 2026 को 30 दिनों एवं 90 दिनों से अधिक अवधि से लंबित मामलों का सत्यापन एवं आपत्ति निवारण किया जाएगा, जबकि 19 मई 2026 को रसीद अचल अद्यतन करने से संबंधित कार्य किए जाएंगे। वहीं 20 मई 2026 को अन्य राजस्व संबंधी लंबित मामलों के निष्पादन की कार्रवाई की जाएगी।

विशेष कैंप के दौरान अंचल अधिकारी सभी लंबित मामलों में राजस्व दस्तावेजों का सत्यापन करते हुए त्रुटियों का निराकरण करेंगे तथा दाखिल-खारिज से संबंधित आपत्तियों एवं विवादित मामलों में संबंधित पक्षों को सुनवाई का अवसर प्रदान करते हुए उचित निर्णय लेंगे।

इसके अतिरिक्त ऑनलाइन लगान निर्धारण से जुड़े मामलों का भी कैंप में समाधान किया जाएगा। जिन मामलों में किसी प्लॉट का लगान अब तक निर्धारित नहीं हुआ है, वैसे मामलों में अंचल अधिकारी द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए लगान निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उपायुक्त द्वारा निर्देश दिया गया है कि विशेष कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिकाधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इसके लिए संबंधित मुखिया एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। 

कैंप के सफल संचालन हेतु प्रत्येक अंचल के लिए पर्यवेक्षण पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पर्यवेक्षण पदाधिकारी अपने-अपने अंचलों में समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों की समीक्षा करेंगे तथा शिविर के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करेंगे। कैंप के नोडल पदाधिकारी अपर समाहर्ता, रामगढ़ को बनाया गया है।

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कैंप के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं निष्पादित मामलों की अद्यतन जानकारी प्रतिदिन जिला राजस्व शाखा को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही कैंप स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित दाखिल-खारिज एवं अन्य राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु निर्धारित तिथियों में आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।