
रामगढ़: झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह रामगढ़ न्यायमंडल के प्रशासनिक न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री दीपक रौशन ने शनिवार सुबह व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ का आधिकारिक दौरा किया। उनके आगमन पर न्यायालय प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
दौरे के दौरान न्यायमूर्ति दीपक रौशन ने व्यवहार न्यायालय परिसर में बनने वाले वल्नरेबल विटनेस डिपोजिशन सेंटर (VWDC) भवन तथा न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण कार्य के लिए भूमि-पूजन और शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने न्यायालय परिसर में नव निर्मित पेन्ट्री का उद्घाटन भी किया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. तौफिकुल हसन, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय राजीव आनंद, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव समेत न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुनायत, जिला प्रशासन के अधिकारी, अभियोजन विभाग और अधिवक्ता संघ के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसके बाद न्यायमूर्ति ने न्यायिक अधिकारियों और जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था और न्यायालय के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों और न्यायिक प्रक्रियाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

न्यायमूर्ति दीपक रौशन ने व्यवहार न्यायालय के मुख्य भवन में चल रहे मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया और भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्माण कार्य तेजी से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
दौरे के अंत में न्यायमूर्ति ने न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान विभिन्न न्यायिक पदाधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
With inputs from IANS