कारोबारी पर फायरिंग और अनिल टाइगर हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तारBy Admin Sat, 16 May 2026 05:55 PM

रांची: कटहल मोड़ निवासी छड़-सिमेंट व्यवसायी राधेश्याम साहु पर जानलेवा हमला कराने और चर्चित अनिल टाइगर हत्याकांड में शामिल मुख्य साजिशकर्ता अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर रांची लाया।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को कटहल मोड़ स्थित सांभवी इंटरप्राइजेज के संचालक राधेश्याम साहु पर उनकी दुकान के पास अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में राधेश्याम साहु गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर एसआईटी का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने दो शूटरों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि मामले का मुख्य सरगना सूरज सिन्हा फरार था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर राधेश्याम साहु पर हमला करवाया था। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सूरज सिन्हा चर्चित अनिल टाइगर हत्याकांड का भी मुख्य साजिशकर्ता है। 26 मार्च 2025 को कांके चौक स्थित शिव मंदिर के पास एक होटल में अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जमीन विवाद को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी। बताया गया कि देवव्रत नाथ शाहदेव और स्थानीय जोतकारों के बीच चल रहे भूमि विवाद में अनिल टाइगर मध्यस्थता कर रहे थे। विवाद का समाधान नहीं होने पर उनकी हत्या की योजना बनाई गई।

पुलिस का दावा है कि अनिल टाइगर की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। हत्या की साजिश रांची और कोलकाता में रची गई थी तथा आरोपी लगातार अनिल टाइगर की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

 

With inputs from IANS