
भुरकुंडा (रामगढ़): बलकुदरा पंचायत भवन में रविवार को विस्थापित एवं प्रभावित ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भुरकुंडा संगम ओपन कास्ट कोलियरी शुरू होने के बावजूद स्थानीय ग्रामीणों एवं विस्थापितों की वर्षों पुरानी लोकल सेल की मांग अब तक पूरी नहीं की गई है। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
बैठक में ग्रामीणों ने सीसीएल प्रबंधन पर लगातार आश्वासन देकर मामले को टालने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि विस्थापितों की समस्याओं के समाधान को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इसको लेकर बैठक में मौजूद लोगों ने कड़ा विरोध जताया। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 22 मई को संगम कोलियरी के समक्ष बड़ा आंदोलन किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया कि मांगें पूरी नहीं होने पर कोलियरी के संचालन को अनिश्चितकाल तक बाधित करने का निर्णय लिया जा सकता है। बैठक में बलकुदरा पंचायत के मुखिया विजय मुंडा, पंचायत समिति सदस्य राजू मुंडा, विजय साहू, कमलेश कुमार सिंह, योगेंद्र यादव, अमर यादव, रामजतन यादव, दिनेश मुंडा, रवि मुंडा, जयवीर मुंडा, ईश्वर साहू, खेदन मुंडा, शंकर मुंडा, महावीर मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।