रजरप्पा थाना एवं सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की संयुक्त कार्रवाई में अवैध कोयला जब्तBy Admin Wed, 20 May 2026 05:42 PM

रजरप्पा: सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र में कोयला चोरी एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत  20.मई 2026 को रजरप्पा थाना एवं सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के सुरक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए चितरपुर प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित चिलमटूंगरी गाँव के आगे एक अवैध कोयला भंडार का उद्भेदन किया गया।
प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा चिन्हित स्थल पर अभियान चलाया गया, जहाँ भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा कोयला पाया गया। जांच एवं कार्रवाई के दौरान करीब 25-30 टन कोयला बरामद किया गया। इसके उपरांत सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र द्वारा जेसीबी एवं टिपर की सहायता से जब्त कोयले को उठवाकर पुनः रजरप्पा परियोजना के स्टॉक में सुरक्षित रखवाने का कार्य शुरू कर दिया गया। संयुक्त टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया, किन्तु मौके पर किसी प्रकार की अवैध खदान अथवा मुहाना नहीं पाया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि सीसीएल परियोजना क्षेत्रों से कोयला चोरी कर इस स्थान पर एकत्रित किया जा रहा था तथा बाद में इसे अन्य स्थानों पर अवैध रूप से भेजने की योजना थी।क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि कोयला चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में स्थानीय ग्रामीणों का उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। ग्रामीण स्वयं आगे आकर सीसीएल संपत्ति की सुरक्षा हेतु गुप्त सूचनाएँ साझा कर रहे हैं, जिसके कारण ऐसे अवैध भंडारण स्थलों का पता लगाने में सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सीसीएल द्वारा कोयला व डीज़ल चोरी रोकने एवं जनजागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार का त्वरित सहयोग हेतु आभार भी प्रकट किया।इस संयुक्त अभियान में रजरप्पा थाना की ओर से उप निरीक्षक रोहित राज सिंह अपने दल-बल के साथ उपस्थित थे। वहीं सीसीएल की ओर से सुरक्षा प्रभारी एस. एस. रवानी, वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक रामचंद्र मांझी, सुरक्षागार्ड चंदन करमाली, दशरथ उरांव तथा गृह रक्षक चमकी कुमार शामिल थे।