
रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत 20 जून 2026 से होने जा रही है। इस संबंध में रांची के धुर्वा स्थित मुख्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में मीडिया ओरिएंटेशन कार्यक्रम और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जहां मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अभियान की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्यभर में पुनरीक्षण अभियान 20 जून से शुरू होगा, जबकि नए मतदाता 30 जून से आवेदन कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और फॉर्म भरने में सहायता करेंगे। जिन क्षेत्रों में बीएलओ नहीं पहुंच पाएंगे, वहां विशेष शिविर लगाकर लोगों की मदद की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम आने के बाद किसी भी मतदाता का नाम बिना नोटिस और सुनवाई के नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुसार संचालित की जाएगी।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने राज्यभर में बड़े पैमाने पर अधिकारियों और कर्मियों की तैनाती की है। इसमें 5 डिविजनल कमिश्नर, 24 जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DEO), 81 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), करीब 340 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), 22 हजार बीएलओ और लगभग 50 हजार कर्मचारी शामिल होंगे।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं, नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
With inputs from IANS