कावेरी रेस्टोरेंट के मालिक लव भाटिया की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, 17 साल पहले हुआ था अपहरणBy Admin Thu, 21 May 2026 06:44 PM

Ranchi: राजधानी के मशहूर होटल व्यवसायी और कावेरी रेस्टोरेंट के संचालक आशीष भाटिया के पुत्र लव भाटिया उर्फ अभिमन्यु भाटिया की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है. गुरुवार को दोपहर लव भाटिया का निधन हो गया। इस घटना के बाद से पूरे व्यावसायिक जगत और स्थानीय इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. उल्लेखनीय है कि 17 साल पहले यानी 30 जुलाई 2009 को लव भाटिया मेन रोड स्थित पंजाब स्वीट हाउस बंद कर रात 10.45 बजे घर के लिए निकला था. रास्ते में ही उसका अपराधियों के द्वारा अपहरण कर लिया गया था. इस घटना को लेकर लव भाटिया के पिता आशीष भाटिया ने लोअर बाजार कांड संख्या 168/09 के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई थी. हटिया के तत्कालीन डीएसपी राजीव रंजन सिंह के नेतृत्व मे गठित टीम ने इस समय लव भाटिया को अपराधियों के चंगुल से छुड़ाया था। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है.पीपी कंपाउंड स्थित आवास पर लव भाटिया की तबीयत अचानक बिगड़ी और बेहद गंभीर स्थिति में पहुंच गई, जिसके बाद परिजनों और करीबियों द्वारा उन्हें आनन-फानन में रांची के लालपुर स्थित आर्किड अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. लालपुर पुलिस ने फर्द बयान लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.
अस्पताल लाते ही डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने उनका इलाज शुरू किया और उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया. हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टरों की टीम उन्हें बचा नहीं सकी और इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
मौत के कारणों पर सस्पेंस
लव भाटिया की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने की मुख्य वजह क्या थी, इस पर अभी तक रहस्य बना हुआ है. परिवार या अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक रूप से कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा गया है.