
चाईबासा: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। टेबो थाना क्षेत्र के रोगोद गांव में छापेमारी कर पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 किलो अवैध अफीम पोस्ता भूसी, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें और 7 लाख रुपये नकद बरामद किए।
टेबो थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी ने बताया कि जिला पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रोगोद गांव के पास जंगल क्षेत्र में कुछ तस्कर अफीम की बड़ी खेप की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एक विशेष पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की योजना बनाई गई।
पुलिस ने जंगल में घेराबंदी कर जाल बिछाया। जैसे ही तस्कर सौदा करने पहुंचे, पुलिस टीम ने चारों ओर से उन्हें घेर लिया। खुद को फंसता देख आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुद्धनाथ पूर्ति, सोमा हासा पूर्ति और मंगरा हुनी पूर्ति के रूप में हुई है। इनमें बुद्धनाथ और सोमा रोगोद गांव के निवासी हैं, जबकि मंगरा हुनी पूर्ति कोटगढ़ गांव का रहने वाला है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार टेबो थाना क्षेत्र का बड़ा हिस्सा घने जंगलों से घिरा हुआ है, जिसका इस्तेमाल कुछ लोग चोरी-छिपे अवैध अफीम की खेती और तस्करी के लिए करते हैं। पुलिस अब पूरे गिरोह और उससे जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
With inputs from IANS