
रांची: बढ़ती आंखों की बीमारियों और लगातार मोबाइल-लैपटॉप के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए राजधानी रांची के डेलाटोली स्थित ब्लू सैफायर अपार्टमेंट में आरबीएस वैदिक ट्रस्ट और शार्प साइट आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क आई कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में सोसाइटी समेत आसपास के कई लोगों ने भाग लेकर आंखों की जांच कराई और चिकित्सकों से परामर्श लिया।
ब्लू सैफायर अपार्टमेंट के सेक्रेटरी हीरालाल रवि ने कहा कि आंख हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है, लेकिन आज की युवा पीढ़ी मोबाइल और डिजिटल उपकरणों का अत्यधिक उपयोग कर रही है, जिससे आंखों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के स्क्रीन टाइम पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही कहा कि ऐसे जागरूकता कैंप समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए।

आरबीएस वैदिक ट्रस्ट के अध्यक्ष ने कहा कि तकनीक के इस दौर में हर व्यक्ति मोबाइल और लैपटॉप का लगातार उपयोग कर रहा है। ऐसे समय में आंखों की सुरक्षा और लोगों को जागरूक करने के लिए इस प्रकार के आई कैंप बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट आगे भी लोगों के स्वास्थ्य और जागरूकता के लिए इस तरह के शिविर आयोजित करता रहेगा।
शार्प साइट आई हॉस्पिटल के डॉक्टर लखन ने कहा कि लंबे समय तक मोबाइल और लैपटॉप के उपयोग से आंखों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने सलाह दी कि काम के दौरान बीच-बीच में आंखों को आराम देना चाहिए और हल्की एक्सरसाइज करनी चाहिए। साथ ही बच्चों को कम उम्र में ज्यादा मोबाइल इस्तेमाल से बचाने की जरूरत है, क्योंकि इससे आंखें कमजोर हो सकती हैं।