पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, टांगे पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्षBy Admin Tue, 26 May 2026 08:39 PM

रांची। देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में राजधानी रांची में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश टांगे पर सवार होकर रांची के लालपुर स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे और वहां चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को फिर से टांगे और बैलगाड़ियों का सहारा लेना पड़ेगा। केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

वहीं झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि देश की जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है और अब पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम लोगों को गाड़ियों से चलना छोड़ने पर मजबूर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर आने वाले दिनों में यही स्थिति बनी रही तो आम लोगों के लिए वाहन चलाना मुश्किल हो जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तत्काल राहत देने की मांग की है।