तेल कंपनियों की नीतियों पर डीलरों का गुस्सा बढ़ा, 1 जून को रांची में होगी बड़ी बैठकBy Admin Wed, 27 May 2026 05:12 PM

*AI-generated representational image

रांची: पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन, दक्षिण छोटानागपुर की एक्जीक्यूटिव कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को अध्यक्ष राजहंस मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में रांची, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा से आए 25 कार्यकारिणी सदस्यों ने हिस्सा लिया।

बैठक में तेल विपणन कंपनियों की मौजूदा नीतियों को लेकर डीलरों में बढ़ती नाराजगी पर गंभीर चर्चा की गई। डीलरों का कहना था कि कंपनियों की एकतरफा नीतियां और अव्यावहारिक बिक्री लक्ष्य उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर डाल रहे हैं।

कार्यकारिणी सदस्यों ने कई अहम मुद्दों पर चिंता जताई। इनमें डीलर कमीशन में असंतोष, मांग के अनुसार स्टॉक और सप्लाई नहीं मिलना, व्यापारिक स्वतंत्रता में हस्तक्षेप, जरूरत से ज्यादा ल्यूब्रिकेंट उठाने का दबाव और बोतल या गैलेन में पेट्रोल-डीजल देने को लेकर पेट्रोल पंपों पर बढ़ते विवाद और मारपीट की घटनाएं प्रमुख रहीं।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष राजहंस मिश्रा ने कहा कि डीलरों के अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा करना एसोसिएशन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनियों के दबाव के चलते डीलर आर्थिक और मानसिक दोनों स्तर पर परेशान हो रहे हैं।

इन सभी मुद्दों पर आगे की रणनीति तय करने के लिए एक्जीक्यूटिव कमिटी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 1 जून 2026 को रांची में दक्षिण छोटानागपुर क्षेत्र के सभी तेल कंपनियों के डीलरों की आम सभा (AGM) आयोजित की जाएगी।

एसोसिएशन ने क्षेत्र के सभी डीलरों से बड़ी संख्या में AGM में शामिल होने की अपील की है। साथ ही कहा कि डीलर हमेशा देश की ऊर्जा सेवाओं के प्रति समर्पित रहे हैं और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाते रहेंगे।