बकरीद को लेकर रांची में हाई अलर्ट, पुलिस ने किया फ्लैग मार्चBy Admin Wed, 27 May 2026 08:57 PM

रांची: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को रांची पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देशानुसार यह फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से शुरू होकर सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट और कोतवाली क्षेत्र तक निकाला गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर ने बाइक दस्ते के साथ लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों में भी फ्लैग मार्च किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारी को मजबूत करना है।
मार्च के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था की सूक्ष्म समीक्षा की गई तथा तैनात पुलिस बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। फ्लैग मार्च में स्थानीय थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, जवानों के साथ RAF की एक कंपनी भी शामिल रही।
रांची पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके।