
रांची- कोकर निवासी 18 माह की मासूम अदिति पांडे मामले को लेकर आज डुमरी विधायक टाइगर जयराम महतो एवं झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो ने अदिति पांडे के परिजनों से उनके आवास पहुँचकर मुलाकात की तथा परिवार का दुःख साझा किया।
इस दौरान विधायक टाइगर जयराम महतो ने अदिति की माता श्रीमती अंजनी पांडे, पिता श्री मनीष पांडे एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। परिजनों से मिलकर वे भावुक हुए और घटना को अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक बताया।
मौके पर ही विधायक जयराम महतो ने राँची वरीय पुलिस अधीक्षक श्री राकेश रंजन से टेलीफोनिक वार्ता कर अदिति पांडे कांड की अद्यतन जानकारी प्राप्त की तथा मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस दौरान राँची वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा दो दिनों के भीतर मामले के खुलासे का आश्वासन दिया गया।
विधायक टाइगर जयराम महतो ने स्पष्ट कहा कि यदि दो दिनों के भीतर पुलिस द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की राँची टीम सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी।
वहीं केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष श्री देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि मासूम अदिति को न्याय दिलाने के लिए पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी। यदि दो दिनों के भीतर अदिति कांड का खुलासा नहीं होता है, तो जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए राँची बंद का आह्वान भी किया जा सकता है।
जेएलकेएम ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।