राज्यसभा चुनाव : अंजली सोरेन के समर्थन मे सुंदरगढ़ के झामुमो नेताओं ने की सीएम हेमंत से मुलाकात By Admin Fri, 29 May 2026 02:16 PM

RANCHI :  झारखंड मे राज्यसभा की दो सीटों पर 18 जून को होनेवाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। इंडिया गठबंधन में जहां काँग्रेस एक सीट की दावेदारी पर अबतक अडिग दिख रही है वहीं शुक्रवार को एक नया घटनाक्रम दिखाई दिया। दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की बेटी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन अंजली सोरेन को राज्यसभा का टिकट झामुमो कोटे से मिले इसको लेकर ओडिसा के सुंदरगढ़ से झामुमो कार्यकर्ताओं का एक बड़ा जत्था मुख्यमंत्री से मिलने पहुँच गया। ओडिशा से जेएमएम के आला पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचा, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान सुंदरगढ़ के जिला अध्यक्ष ने सीधे तौर पर आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए टिकट की मांग रख दी. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन अंजली सोरेन को जेएमएम का उम्मीदवार बनाने की वकालत की है. 
अंजली सोरेन से संगठन को मिलेगी नई ताकत
सुंदरगढ़ जिला अध्यक्ष का मानना है कि अंजली सोरेन को राज्यसभा भेजने से न सिर्फ ओडिशा में जेएमएम का ग्राफ तेजी से बढ़ेगा, बल्कि वहां बिखरे हुए संगठन को एक नया और मजबूत नेतृत्व मिलेगा. ओडिशा के पार्टी पदाधिकारियों का यह रुख साफ संकेत देता है कि वे मुख्यमंत्री की बहन के चेहरे पर दांव लगाकर ओडिशा के सीमावर्ती इलाकों में आदिवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करना चाहते हैं. सीएम आवास पर हुई इस मुलाकात के बाद अब सबकी नजरें हेमंत सोरेन के अगले सियासी कदम पर टिकी हैं.