राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस प्रभारी के राजू और तेलंगाना के डिप्टी सीएम ने सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकातBy Admin Fri, 29 May 2026 03:57 PM

रांची: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू और तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लु भट्टी विक्रमार्क ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान राज्यसभा चुनाव और गठबंधन की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने राज्यसभा की एक सीट पर अपनी दावेदारी मुख्यमंत्री के सामने रखी है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्यसभा की दोनों सीटों को लेकर जल्द ही दावेदारी और उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया जाएगा।
वहीं कांग्रेस प्रभारी के राजू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि गठबंधन का मुख्य उद्देश्य बीजेपी को हराना है और इसी रणनीति के तहत इंडिया गठबंधन मिलकर राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करेगा।
तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लु भट्टी विक्रमार्क ने भी बैठक को अहम बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के साथ राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई है और बहुत जल्द इसका निष्कर्ष सामने आएगा।
राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में लगातार बैठकों और मंथन का दौर जारी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में गठबंधन की ओर से उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।