वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा सम्मान, स्वास्थ्य विभाग के बनेंगे ब्रांड एंबेसडर : इरफान अंसारीBy Admin Sat, 30 May 2026 12:21 PM

RANCHI : भारतीय क्रिकेट की सनसनी और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, शानदार प्रतिभा और कम उम्र में पूरे देश का दिल जीत लेने वाले युवा क्रिकेट स्टार वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर यह घोषणा की है। 
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, "वैभव, भले ही आपकी टीम मैच हार गई हो, लेकिन आपने करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है। मैं स्वयं एक क्रिकेट खिलाड़ी रहा हूं, लेकिन इतनी कम उम्र में बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास और आक्रामकता के साथ सामना करना और लगातार उन पर हावी होना, असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। आपने न केवल अपना नाम रोशन किया है, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे हिंदुस्तान का भी गौरव बढ़ाया है। इसके लिए मैं आपको हृदय से बधाई देता हूं। जल्द ही मैं आपको झारखंड में सम्मानित करूंगा।"
उन्होंने कहा कि मात्र 15 वर्ष की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने जिस साहस, आत्मविश्वास और प्रतिभा का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लिख रहा है। वैभव केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि युवा ऊर्जा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और संघर्ष का जीवंत उदाहरण हैं। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और लाखों युवाओं को प्रेरित किया है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा और सकारात्मक सोच ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से काफी प्रभावित किया है। स्वास्थ्य विभाग उनके साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश फैलाने का काम करेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वैभव सूर्यवंशी विश्व क्रिकेट में भारत का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और देश लंबे समय तक उन पर गर्व करता रहेगा।