प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तारBy Admin Sat, 30 May 2026 07:52 PM

रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक मो. तनवीर अंसारी (37) की इलाज के दौरान रिम्स में मौत हो गई थी। यह मामला डोरंडा थाना कांड संख्या 137/2026 के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक तनवीर अंसारी का आरोपी मो. जावेद अख्तर की मां शबनम परवीन के साथ प्रेम संबंध था। इस संबंध का मो. जावेद अख्तर विरोध करता था, जिसके कारण दोनों पक्षों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। 
 पुलिस के अनुसार, तनवीर अंसारी बाइक से गुजरते समय आरोपी जावेद अख्तर को ताना मारते हुए निकला। इस दौरान मौजूद मो. इजाज उर्फ गोल्डेन ने जावेद को उकसाया। कुछ देर बाद जब तनवीर वापस लौटा तो जावेद ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल के लोहे के लेग गार्ड से उसके सिर पर कई वार किए। जमीन पर गिरने के बाद भी उस पर हमला जारी रखा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक हटिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. जावेद अख्तर (21 वर्ष) और मो. इजाज उर्फ गोल्डेन (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल का लोहे का लेग गार्ड भी बरामद कर लिया है।