रिम्स में वेतन भुगतान को लेकर कर्मियों में असंतोष, किया डायरेक्टर ऑफिस का घेराव By Admin Mon, 01 June 2026 01:12 PM

RANCHI : झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में महीनों से वेतन नहीं मिलने से नाराज डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और अन्य कर्मचारियों ने डायरेक्टर कार्यालय का घेराव किया और धरना-प्रदर्शन किया. रिम्स के कर्मियों में वेतन भुगतान को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा हैं. जानकारी के अनुसार, वेतन और ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) समेत विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारी आंदोलनरत हैं. आक्रोशित कर्मियों का कहना है कि यह तीसरा मौका है जब उन्हें अपनी मांगों को लेकर डायरेक्टर कार्यालय का घेराव करना पड़ रहा हैं. कर्मचारियों के अनुसार, रिम्स में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य स्थायी कर्मचारियों को लगभग तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं किया गया हैं. वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं. वहीं, कई पीजी फर्स्ट ईयर डॉक्टरों को करीब छह महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाया गया हैं. बताया जा रहा है कि रिम्स में कार्यरत करीब 1500 स्थायी कर्मचारी वेतन भुगतान नहीं होने से प्रभावित हैं.