स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में सीएम हेमंत ने दिया निर्देश, ओला और उबर के तर्ज एम्बुलेंस सेवा की तैयार करें कार्ययोजना, नई तकनीक का करें प्रयोगBy Admin Tue, 02 June 2026 07:07 PM

Ranchi: स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य सेवाओं में नई तकनीक को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री नें कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग कार्ययोजना तैयार की जाए। एम्बुलेंस सेवा को और अधिक मजबूती प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ने ओला और उबर के तर्ज पर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने राज्य में एम्बुलेंस सेवाओं को लेकर आ रही शिकायतों और गर्भवती महिलाओं से जुड़ी अप्रिय खबरों पर कड़ी चिंता व्यक्त की. उन्होंने निर्देश दिया कि, राज्य भर में एम्बुलेंस सेवा को ओला और उबर के कॉन्सेप्ट पर शुरू करने का काम किया जाए. इस व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक एआई -बेस्ड (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कॉल सेंटर शुरू करने का प्लान बनाया जाए.स्वास्थ्य विभाग को इस पूरे कॉन्सेप्ट पर एक हफ्ते के भीतर विस्तृत प्लान बनाकर सबमिट करने का आदेश दिया गया है.
रिक्त पदों पर तत्काल बहाली और विभागों का पुनर्गठन
सीएम ने निर्देश दिया कि राज्य में एएनएम और जीएनएम के रिक्त पदों पर तुरंत बहाली की जाए. इसके साथ ही स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स और सामान्य डॉक्टरों की नियुक्तियां भी जल्द से जल्द पूरी की जाएं. सीएम ने स्वास्थ्य विभाग को अपने निदेशालयों को पुनर्गठन करने का प्लान सबमिट करने को कहा है.
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए अलग कार्ययोजना
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की स्वास्थ्य जरूरतें अलग-अलग होती हैं. इसलिए विभाग दोनों क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग कार्ययोजना बनाकर सबमिट करे. इसके अलावा, राज्य भर के रेफरल सिस्टम का ऑडिट कराकर रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया.बैठक में सीएम ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि सदर अस्पताल, रांची में ‘सेंट्रल रेडियोलॉजी हब बनाया गया है, जो किसी भी सरकारी सेटअप में देश का पहला ऐसा अनूठा सेटअप है. इस आधुनिक हब से राज्य के सभी जिलों को जोड़ दिया गया है, जिससे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी.
ब्लड बैंक के लिए बनेगा ऐप, लगेगा आई-चेकअप कैंप
सीएम ने बैठक राज्य में ब्लड सेपरेशन यूनिट स्थापित करने और ब्लड बैंक के लिए जरूरी लाइसेंस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए. पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इसे।ऐप-बेस्ड बनाया जाएगा. सरकारी दफ्तरों और पुलिस कर्मियों के बीच निरंतर ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे. राज्य भर में चार से पांच दिन विशेष आई-चेकअप कैंप लगाने का निर्देश दिया गया है.
मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ेंगी, समय पर पूरे होंगे निर्माण कार्य
सीएम ने राज्य के मेडिकल कॉलेजों में यूजी और पीजी की सीटें बढ़ाने के लिए विभाग को आगे बढ़ने का निर्देश दिया. इसके अलावा सभी मेडिकल कॉलेजों में पुनर्वास और थेरेपी सेंटर शुरू करने का प्लान मांगा गया है. निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों के काम में तेजी लाने के लिए कहा गया है कि पेमेंट में कोई देरी न हो और काम समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए.
अबुआ दवाखाना और अस्पताल कायाकल्प योजना
मुख्यमंत्री अस्पताल कायाकल्प योजना के तहत सभी सदर अस्पतालों को आधुनिक और बेहतर बनाया जाएगा. पुराने सदर अस्पतालों को आरामदायक बनाने के लिए वहां एयर कूल कॉन्सेप्ट शुरू किया जाएगा.
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अबुआ दवाखाना को भी जल्द से जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया गया है.
आयुष्मान योजना का ऑडिट और ABHA कार्ड ड्राइव
आयुष्मान भारत योजना के तहत निबंधित (इम्पैनल्ड) सभी अस्पतालों का तुरंत ऑडिट कराकर विभाग को रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया गया है. आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए पूरे राज्य में कैंपेन मोड में ड्राइव चलाई जाएगी. इस अभियान को स्कूलों, कॉलेजों और आंगनवाड़ी केंद्रों तक ले जाया जाएगा ताकि हर नागरिक का हेल्थ रिकॉर्ड डिजिटल हो सके. मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा है. उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पतालों में गंदगी बिल्कुल न रहे, इन्हें पूरी तरह स्वच्छ रखा जाए और इनके मेंटेनेंस का नियमित अपडेट दिया जाए.