
Ranchi: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी और कई संगीन आपराधिक मामलों की आरोपी रिया सिन्हा को रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) से चाईबासा मंडल कारा शिफ्ट किए जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सुरक्षा कारणों और जेल के भीतर से आपराधिक नेटवर्क संचालित किए जाने की आशंकाओं को देखते हुए जेल प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सूत्रों के अनुसार, जेल आईजी के निर्देश के बाद रिया सिन्हा को रांची जेल से चाईबासा स्थानांतरित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। प्रशासन का मानना है कि राजधानी की जेल में रहने के दौरान उसके स्थानीय संपर्क और आपराधिक नेटवर्क सक्रिय रह सकते हैं। इसी आशंका को देखते हुए उसे दूसरे जेल में भेजने का निर्णय लिया गया है।
रंगदारी और लेवी वसूली के आरोपों में घिरी है रिया
रिया सिन्हा पर आरोप है कि वह अपने पति और गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गिरोह की गतिविधियों को संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभा रही थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया था कि कोयला कारोबारियों, ठेकेदारों और व्यवसायियों से रंगदारी तथा लेवी वसूली के मामलों में उसकी संलिप्तता रही है। जांच एजेंसियों के अनुसार, सुजीत सिन्हा जेल में बंद रहने के बावजूद अपने गिरोह का संचालन कर रहा था। पुलिस को संदेह था कि रिया सिन्हा जेल के बाहर रहकर गिरोह के सदस्यों के बीच समन्वय स्थापित करने और रंगदारी वसूली के नेटवर्क को सक्रिय रखने में मदद कर रही थी। इसी आधार पर रांची पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
हाई सिक्योरिटी निगरानी में रहेगी रिया सिन्हा
चाईबासा मंडल कारा में शिफ्ट किए जाने के बाद रिया सिन्हा पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। जेल प्रशासन के मुताबिक उसकी गतिविधियों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी। साथ ही महिला कक्षपालों की विशेष निगरानी भी रहेगी ताकि किसी बाहरी व्यक्ति या अवैध संचार माध्यम से उसका संपर्क न हो सके। जेल प्रशासन का मानना है कि रांची से चाईबासा जेल स्थानांतरण के बाद रिया सिन्हा का अपने स्थानीय नेटवर्क और गिरोह के सदस्यों से संपर्क काफी हद तक टूट जाएगा। इससे जेल के भीतर और बाहर अपराध से जुड़े किसी भी संभावित संचालन पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।