दीपिका पांडेय सिंह बोलीं – दीदियों के चेहरे पर भविष्य में भी बनी रहेगी मुस्कानBy Admin Wed, 03 June 2026 07:20 PM

झारखंड के आम बागानों में तैयार आम्रपाली की मिठास अब शहर के मॉल में ग्राहकों को आकर्षित करेगा । इसको लेकर JSLPS की पहल पर अपना मार्ट और गुमला जिले के MVM बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूशर कंपनी लिमिटेड ( FPO ) के बीच समझौता हुआ है । पहले चरण में अपना मार्ट ने FPO से 2 टन आम्रपाली की खरीद की है । समझौता के अनुसार FPO से आम खरीद का ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा । राज्य की ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की उपस्थिति में इसकी शुरुआत की गई । इस खास मौके पर JSLPS के CEO अनन्य मित्तल और अपना मार्ट के स्टेट CEO मनोज पांडेय मौजूद रहें ।  राज्य में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत की गई आम बागवानी से तैयार आम रांची के सभी अपना मार्ट मॉल में उपलब्ध रहेंगे ।  


JSLPS का उद्देश्य राज्य के सुदूर ग्रामीण इलाकों में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम बागवानी से तैयार आम का सही मूल्य दिलाना है । गुमला जिले के MVM बाघिमा पालकोट फॉर्मर प्रोड्यूशर कंपनी लिमिटेड ( FPO ) से जुड़ी भगवती देवी , करुणा देवी एवं कुमवारी बरवा ने इस पहल को लेकर JSLPS के साथ विभागीय मंत्री का विशेष आभार प्रकट किया है । आम आगवानी से जुड़ी दीदियों ने कहा कि अब तक वो गांव के हाट - बाजार में ही सस्ते दर पर आम बेचने को मजबूर थीं । लेकिन इस बार अपना मार्ट से आम खरीद का ऑडर मिलने के बाद उनकी खुशी का ठिकाना नहीं है । दोगुना दर पर उनके बागान का आम JSLPS के सहयोग से अपना मार्ट ने खरीदा है । ये राशि उनके परिवार के बेहतर भविष्य और खास कर बच्चों की शिक्षा में मददगार साबित होगा । इसके साथ ही भविष्य में आम की पैदावार में कैसे बढ़ोत्तरी हो , इसका वो हर संभव प्रयास करेंगी । 

ग्रामीण विकास , ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस मौके पर कहा कि ये एक बेहतर शुरुआत है । JSLPS की टीम ने आम बागवानी से जुड़ी दीदियों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है । ये मुस्कान आगे भी इसी तरह बनी रहे और राज्य के ज्यादा से ज्यादा FPO को भी अपने उत्पाद का ज्यादा से ज्यादा मुनाफा मिल सके ,  इसकी कोशिश जारी रहेगी । बाजार में आम की मांग के अनुरूप वाजिब दर पर आम की उपलब्धता विभाग का लक्ष्य है । उन्होंने कहा कि ऐसा करने से महिला आजीविका सशक्त होने के साथ ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूती मिलेगी । इस मौके पर JSLPS COO विष्णु परिदा , विनोद पांडेय , तापस रंजन बेहरा , संजय दास , अपना मार्ट के कैटेगरी हेड सुलभ बंसल , FPO अध्यक्ष भगवती देवी , करुणा देवी , सचिव के बरवा, राहुल कुमार साहू मौजद थे ।