डीजल महंगा, झारखंड में बस किराया बढ़ाने की तैयारी; 15 से 20 प्रतिशत बढ़ेगा किराया By Admin Thu, 04 June 2026 06:37 PM

रांची: डीजल की बढ़ती कीमतों और परिचालन खर्च में लगातार इजाफे को देखते हुए झारखंड बस ओनर एसोसिएशन ने निजी बसों के किराये में 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव परिवहन सचिव को सौंपा है। प्रस्ताव लागू होने पर राज्य के भीतर और बिहार, पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के लिए चलने वाली बसों का किराया बढ़ जाएगा।एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि डीजल के दाम बढ़ने के साथ-साथ यूरिया की कीमतों और टॉल टैक्स में भी वृद्धि हुई है। इससे बस मालिकों पर आर्थिक बोझ काफी बढ़ गया है और मौजूदा किराये पर बसों का संचालन कठिन होता जा रहा है। ऐसे में किराये में बढ़ोतरी आवश्यक हो गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 के बाद बस किराये में कोई उल्लेखनीय वृद्धि नहीं हुई है, जबकि इस दौरान ईंधन और अन्य खर्चों में कई गुना बढ़ोतरी हुई है। बिहार सरकार द्वारा पहले ही बस किराये में बढ़ोतरी की जा चुकी है, जिसके कारण बिहार से आने-जाने वाली बसों में संशोधित किराया लिया जा रहा है।  एसोसिएशन के अनुसार फिलहाल कोडरमा रूट की कुछ बसों में मौखिक रूप से किराया बढ़ाया गया है, जबकि अन्य रूटों पर बढ़ोतरी को लेकर अंतिम फैसला बैठक के बाद लिया जाएगा।

पटना और कोलकाता का सफर होगा महंगा

बस संचालकों के मुताबिक वर्तमान में रांची से पटना का सामान्य किराया करीब 500 रुपये है, जो बढ़ोतरी के बाद लगभग 600 रुपये तक पहुंच सकता है। इसी तरह रांची से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को भी अधिक किराया चुकाना पड़ सकता है।यदि किसी रूट का वर्तमान किराया 100 रुपये है तो बढ़ोतरी के बाद यात्रियों को 115 से 120 रुपये देने पड़ सकते हैं। वहीं 200 रुपये का किराया बढ़कर 230 से 240 रुपये तक हो सकता है। बस मालिकों का कहना है कि बढ़ती लागत के बीच परिवहन सेवाओं को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए किराया संशोधन जरूरी हो गया है। वहीं यात्रियों को अब आने वाले दिनों में सफर के लिए अपनी जेब थोड़ी और ढीली करनी पड़ सकती है।