झामुमो से अंजली सोरेन और मिथिलेश ठाकुर , भाजपा से गौरव बल्लभ होंगे राज्यसभा प्रत्याशी ! By Admin Fri, 05 June 2026 07:04 PM

RANCHI : झारखंड में राज्यसभा का चुनाव दिलचस्प मोड पर पहुँच गया है। गुरुवार देर शाम काँग्रेस द्वारा प्रत्याशी की घोषणा के बाद से इंडिया गठबंधन में भूचाल देखने को मिल रहा है। काँग्रेस के निर्णय के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झामुमो विधायकों की आपात बैठक बुलाई और दोनों सीटों  पर प्रत्याशी देने का ऐलान झामुमो ने कर दिया। झामुमो की तरफ से केन्द्रीय महासचिव सुप्रियो भाटाचार्या ने पार्टी की तरफ से अधिकृत बयान देते हुए कहा कि प्रत्याशी के नाम का ऐलान 8 जून को किया जाएगा और उसी दिन नामांकन भी होगा। इस बीच यह चर्चा जोरों पर है कि आखिर कौन होगा झामुमो का प्रत्याशी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झामुमो की तरफ से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बड़ी बहन अंजली सोरेन और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर प्रत्याशी हो सकते हैं। इसपर अंतिम मुहर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगाएंगे। यह भी कहा जा रहा है कि झामुमो किसी वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी पर भी दाव लगा सकता है। 
इंडिया गठबंधन में चल रहे खींचतान के बीच भाजपा ने भी एक सीट पर प्रत्याशी को लेकर लगभग नाम ते कर लिया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरव वल्लभ झारखंड से भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार हो सकते हैं। उनके नाम पर भाजपा में सहमति बन जाने की सूचना है। किसी भी समय उनके नाम की घोषणा हो सकती है। मालूम हो कि गौरव पहले कांग्रेस में थे। उन्होंने जमशेदपुर पूर्वी से विधानसभा का चुनाव भी लड़ा था। इस चुनाव में सरयू राय ने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को पराजित किया था। वल्लभ तीसरे पायदान पर रहे थे। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। वल्लभ का जन्म राजस्थान के जोधपुर में हुआ था और रांची में अपने पेशेवर कार्यकाल के कारण उनका राजस्थान और झारखंड दोनों से अकादमिक संबंध है। उन्होंने वित्त में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है और ज़ेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस (XISS), रांची सहित प्रबंधन संस्थानों में लेखांकन और अर्थशास्त्र पढ़ाया है। फिलहाल वह प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार समूह में शामिल हैं।