
RANCHI: छतीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा चुनाव के लिए काँग्रेस के मुख्य पर्यवेक्षक भूपेश बघेल और अजय शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा की। जानकारी के अनुसार दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री से काँग्रेस प्रत्याशी प्रणव झ को समर्थन करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद कांग्रेस आलाकमान के दूतों ने साफ कर दिया कि महागठबंधन के अंदर किसी भी स्तर पर कोई भ्रम या गतिरोध नहीं है. मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब भूपेश बघेल ने बेहद सधे हुए अंदाज में पार्टी के भीतर उठ रहे असंतोष के सुरों को शांत करने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और बड़ी पार्टियों में कार्यकर्ताओं व नेताओं की अपनी भावनाएं होती हैं, जो स्वाभाविक हैं. लेकिन अंततः फैसला शीर्ष नेतृत्व को ही लेना होता है और वह निर्णय सबको मान्य है. हमारे बीच अब कोई गलतफहमी नहीं बची है.
मिलकर मजबूती से लड़ेंगे चुनाव, दोनों सीट जीतेंगे
पर्यवेक्षकों ने दोहराया कि JMM और कांग्रेस का गठबंधन चुनाव के बाद का स्वार्थ नहीं, बल्कि एक मजबूत चुनाव पूर्व गठबंधन है. सीएम हेमंत सोरेन के साथ बेहद सौहार्दपूर्ण और खुलकर (फ्री-फ्लोइंग) बातचीत हुई है, जिसने सभी गतिरोधों को खत्म कर दिया है. कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आगामी दोनों सीटों पर महागठबंधन की जीत तय है. भाजपा के खिलाफ पूरा कुनबा एकजुट होकर मैदान में उतरेगा.