झामुमो प्रत्याशी बैजनाथ राम का नामांकन सेट तैयार, दो सेटों में करेंगे नामांकन, दोनों सेट में 10-10 विधायक बने प्रस्तावक By Admin Sat, 06 June 2026 06:06 PM

Ranchi: मुख्यमंत्री आवास पर झामुमो विधायकों की एक उच्चस्तरीय बैठक हुई जिसमें राज्यसभा चुनाव के लिए झामुमो प्रत्याशी बैजनाथ राम के नामांकन को लेकर चर्चा हुई। चर्चा के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैठक मे ही नामांकन के लिए दो सेट तैयार करवाया । प्रत्येक सेट में 10-10 विधायकों को प्रस्तावक बनाया गया है। झारखंड की सियासत में पल-पल बदलते घटनाक्रमों के बीच सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने न केवल अपनी राजनीतिक परिपक्वता का परिचय दिया है, बल्कि विपक्ष के हर चक्रव्यूह को भेदने के लिए एक मजबूत व्यूहरचना भी तैयार कर ली है.
. दो सेटों में दाखिल होगा नामांकन
बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में पार्टी के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने एक सुर में बैद्यनाथ राम की उम्मीदवारी पर मुहर लगाई. कानूनी और तकनीकी बारीकियों को ध्यान में रखते हुए नामांकन की प्रक्रिया पूरी गर्मजोशी के साथ पूरी की गई. नियम के मुताबिक एक सेट के लिए न्यूनतम 9 विधायकों की आवश्यकता होती है, लेकिन झामुमो ने अपनी ताकत दिखाते हुए 10-10 विधायकों के दो अलग-अलग सेट तैयार किए हैं.
सीएम खुद रहेंगे मौजूद
आगामी 8 जून को जब बैजनाथ  राम अपना पर्चा दाखिल करेंगे, तो खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनके साथ प्रस्तावक और मार्गदर्शक के रूप में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे, जो यह संदेश देता है कि पार्टी इस लड़ाई को कितनी गंभीरता से लड़ रही है. बैठक में केवल एक सीट पर चर्चा नहीं हुई, बल्कि झामुमो ने अपने तरकश में दूसरे तीर को भी तैयार रखने पर अनौपचारिक विमर्श किया. पार्टी रणनीतिक रूप से बेहद सतर्क है. झामुमो का अगला कदम इस बात पर निर्भर करेगा कि भाजपा आधिकारिक रूप से किसे मैदान में उतारती है और सहयोगी दल कांग्रेस की अगली रणनीति क्या रहती है. इसे राजनीति का ‘स्मार्ट मूव’ माना जा रहा है, जहां झामुमो ने पहल अपने हाथ में रखी है. इस महत्वपूर्ण बैठक में स्टीफन मरांडी, मथुरा महतो, योगेंद्र प्रसाद, दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन और बसंत सोरेन, लुईस मरंडी  समेत पार्टी के तमाम दिग्गज विधायक एकजुट दिखे, जिसने यह साफ कर दिया है कि झामुमो के भीतर अनुशासन और जीत का संकल्प अटूट है.