
गुमला। सांसद सुखदेव भगत ने स्थानीय परिसदन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं और शिकायतों से अवगत होते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। यदि किसी विभाग में लापरवाही, अनियमितता या जनता की शिकायतों की अनदेखी की जा रही है तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा।सांसद ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार, जनसुनवाई और अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे लोगों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाएं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। किसी भी योजना में अनियमितता या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर उसकी जांच कर उचित कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। मौके पर जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा, दिशा सदस्य अनिरुद्ध चौबे, बेलु अहमद, आशिक अंसारी, ए.एच. अख्तर, दीपनारायण उरांव, अरुण कुमार, मनीष हिंदुस्तान, गुलाम सरवर, डॉ. चंद्रकिशोर केरकेट्टा, इकरामुल हक, रूपेश कुमार सन्नी, फिरोज आलम, रोहित उरांव, सगीर आलम उर्फ बबलू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित थे।