राज्यसभा चुनाव: इंडिया गठबंधन में ऑल इज वेल, कल नामांकन करेंगे बैजनाथ और प्रणब झा By Admin Sun, 07 June 2026 09:14 PM

Ranchi: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही तमाम सियासी अटकलों और कयासबाजियों पर रविवार को पूरी तरह से विराम लग गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुलाई गई इंडिया गठबंधन (जेएमएम, कांग्रेस, राजद और वाम दल) के विधायकों की  बैठक के बाद सत्ता पक्ष के सभी दलों ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया है. गठबंधन के नेताओं ने दो-टूक शब्दों में साफ कर दिया है कि उनके खेमे में कहीं कोई कंफ्यूजन नहीं है और गठबंधन दोनों ही सीटों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रहा है.
मुख्यमंत्री आवास में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में इंडिया गठबंधन के भीतर किसी भी तरह के मतभेद की खबरों को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया. बैठक के बाद एकजुटता की तस्वीर पेश करते हुए नेताओं ने बताया कि बैठक के दौरान गठबंधन के 56 विधायक एक साथ मौजूद थे. इतनी बड़ी संख्या में विधायकों की मौजूदगी ने विपक्ष के उन तमाम दावों की हवा निकाल दी, जिनमें गठबंधन के भीतर असंतोष की बातें कही जा रही थीं.


बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने संयुक्त रूप से कहा कि गठबंधन के अंदर कहीं कोई संशय या कंफ्यूजन नहीं है. हम पूरी तरह से एकजुट हैं और दोनों सीटों पर हमारी जीत तय है. वहीं, कैबिनेट मंत्री संजय यादव ने भी सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि मीडिया और सियासी गलियारों में चल रही मतभेद की बातें सिर्फ बाहर की हवा हैं, धरातल पर गठबंधन का हर एक घटक दल और विधायक चट्टानी एकता के साथ खड़ा है.

सोमवार को 11 बजे बैजनाथ राम और प्रणव झा करेंगे नामांकन
इस बैठक के साथ ही इंडिया गठबंधन ने अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है. सोमवार सुबह 11 बजे गठबंधन के दोनों अधिकृत उम्मीदवार, झामुमो से बैजनाथ राम और कांग्रेस से प्रणव झा, विधानसभा सचिवालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. नामांकन के दौरान गठबंधन के सभी 56 विधायक एकजुट होकर प्रस्तावक और समर्थक के रूप में मौजूद रहेंगे, जो शक्ति प्रदर्शन का एक बड़ा नजारा होगा.