सीसीएल रजरप्पा में सुरक्षा दल द्वारा अवैध कोयला खनन स्थल पर किया छापेमारी।By Admin Mon, 08 June 2026 08:00 PM

सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की सुरक्षा टीम ने सोमवार को भूचूंगडीह क्षेत्र में संचालित अवैध कोयला खनन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। शाम लगभग 5:00 बजे स्थानीय ग्रामीणों द्वाराo भूचूंगडीह क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना दिए जाने पर सीसीएल सुरक्षा टीम जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची।
घटनास्थल पर पहुंचने पर सुरक्षा टीम ने पाया कि एक जेसीबी एस्केवेटर मशीन की सहायता से अवैध रूप से कोयले का उत्खनन किया जा रहा था। मौके पर कई ट्रैक्टर भी मौजूद थे, जिनके माध्यम से अवैध रूप से निकाले गए कोयले के परिवहन की तैयारी की जा रही थी। सुरक्षा टीम को देखते ही कई ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। घटनास्थल पर एक जेसीबी मशीन एवं दो ट्रैक्टर परित्यक्त अवस्था में पाए गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीसीएल के सुरक्षा अधिकारी द्वारा तत्काल रजरप्पा थाना प्रभारी को दूरभाष के माध्यम से सूचना देकर पुलिस बल की सहायता मांगी गई। इसी दौरान पुलिस के पहुंचने की प्रतीक्षा कर रही सुरक्षा टीम के पास भूचूंगडीह निवासी जीबराइल अंसारी एवं लतिक अंसारी सिल्वर रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (पंजीयन संख्या JH24A-4924) पर अन्य व्यक्तियों के साथ पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को धमकाते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त वाहनों को जबरन छुड़ाने का प्रयास किया तथा अपने साथियों को सुरक्षा टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने एवं हमला करने के लिए उकसाया। इसके पश्चात वे लोग घटनास्थल पर मौजूद जेसीबी एवं ट्रैक्टरों को लेकर फरार हो गए।
सीसीएल सुरक्षा टीम द्वारा घटनास्थल पर मौजूद वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों तथा अवैध खनन गतिविधियों के जीपीएस युक्त फोटो एवं वीडियो साक्ष्य सुरक्षित कर लिए गए हैं। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सीसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कंपनी की लीजहोल्ड भूमि में अवैध खनन, कोयले का अवैध भंडारण, परिवहन एवं व्यापार के मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।