
गुमला: साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। जन शिकायत निवारण दिवस में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं दूर-दराज क्षेत्रों से आए 50 से अधिक नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को,गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जन शिकायत निवारण दिवस में कामडारा प्रखंड निवासी सामर साहु ने वर्ष 2021-22 एवं वर्ष 2023-24 की अवधि का लंबित मानदेय भुगतान नहीं होने तथा अप्रैल 2024 से उपस्थिति पंजी में नाम दर्ज नहीं किए जाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।
कार्यालय में सफाई कार्य करने के बावजूद बकाया मानदेय भुगतान कराने एवं उपस्थिति दर्ज कराने की मांग की।एक अन्य आवेदक द्वारा पूर्वजों द्वारा महाविद्यालय निर्माण हेतु दान की गई भूमि के एवज में रोजगार अथवा उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। घाघरा प्रखंड के कोटामाटी निवासी गुल मोहम्मद खान ने विद्युत विभाग के कर्मियों द्वारा कथित रूप से गलत तरीके से बिजली चोरी का मामला दर्ज करने, विद्युत कनेक्शन विच्छेद करने तथा आर्थिक दंड आरोपित किए जाने की शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग की।
डुमरी प्रखंड अंतर्गत जैरागी निवासी करमु मुण्डा ने जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने की समस्या से अवगत कराया।
बसिया प्रखंड के तुरबुंगा निवासी सागर कुमार सिंह ने जनजाति श्रेणी का जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने के कारण शैक्षणिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करने की जानकारी दी। इसके अतिरिक्त जन शिकायत निवारण दिवस में भूमि विवाद, राजस्व अभिलेखों के सुधार, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, पेंशन, आवास, प्रमाण पत्र निर्गत करने, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने सभी मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने, लंबित मामलों की जांच में तेजी लाने तथा आमजन को नियमानुसार त्वरित राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।