
घाघरा थाना क्षेत्र के पुटो शासनटोली के समीप ट्रैक्टर से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान तिलसिरी गेरेटोली निवासी एतवा उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार एतवा उरांव ट्रैक्टर में मजदूरी का कार्य करता था। वह घाघरा से ट्रैक्टर में सीमेंट लोड कर वापस लौट रहा था और सीमेंट के ऊपर बैठा हुआ था। इसी दौरान पुटो शासनटोली के पास मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया, जिससे वह नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसे गंभीर चोटें लगीं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।