
JAMSHEDPUR : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने नरेंद्र मोदी के शासनकाल के 12 वर्षों को ऐतिहासिक बताते हुए इसे सत्ता के लिए नहीं बल्कि देश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाला कार्यकाल बताया। कहा कि इस कालखंड में मोदी ने वह काम कर दिखाया जिसे कभी कांग्रेस ने करने की सोची ही नहीं। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के नारे को धरातल पर उतारा और बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों तक केंद्र सरकार की योजनाओं को पहुंचाया। आज नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। श्री साहू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफलतम 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जमशेदपुर के सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में प्रेस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल की उपलब्धियां गिनाई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने शपथ ग्रहण करने के बाद जिस पहले फाइल पर हस्ताक्षर किया था, वह किसानों के हित से जुड़ा हुआ था। पहले किसान लोन के दबाव में आत्महत्या करते थे। उनकी इस समस्या का निराकरण करते हुए उन्होंने किसान सम्मान निधि योजना के तहत हर वर्ष 6000 रुपये की राशि लगभग 11 करोड़ किसानों को देने का काम किया। इन 12 वर्षों में मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला। 81 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित किया कि कोई भूख से मरे नहीं और ना ही कोई भूखे पेट सोए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराया। 11 करोड़ परिवार को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिया ताकि माताओं बहनों को आंखों की कोई बीमारी न हो। जन धन योजना के तहत 58 करोड़ खाते खुलवाए गए उनमें से 32 करोड़ खाते सिर्फ महिलाओं का खोला गया। महिलाओं का खुले में शौच करने की शर्मनाक स्थिति से बाहर निकालने हेतु 11 करोड़ शौचालय का निर्माण करवाया।
झारखंड़ के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही मोदी सरकार
उन्होंने झारखंड़ को केंद्र सरकार द्वारा की गई वितीय सहायता के बारे में बताते हुए कहा कि 2004 से लेकर 2014 तक कांग्रेस सरकार में झारखंड़ को वितीय सहायता के रूप में मात्र 56096 करोड़ रुपए मिले थे जबकि मोदी सरकार में 2014 से लेकर 2025 तक 2 लाख 26 हज़ार 444 करोड़ रुपये की वितीय मदद दी गयी। 3 जून 2026 तक यह राशि 317069 करोड़ पहुंच चुकी है। यह वृद्धि 465 प्रतिशत की है। उन्होंने बताया कि वितीय वर्ष 2025-26 में राज्य को 46065 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। 3 जून तक कि यह राशि 51 हज़ार 236 करोड़ पहुँच गयी है। श्री साहू ने बताया कि झारखंड़ में रेलवे परियोजनाओं का भी विस्तार किया गया। झारखंड़ में 17 हज़ार 600 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजना का लोकार्पण किया गया है। अमृत भारत योजना के अंतर्गत 57 स्टेशनों के पुनर्विकास एवं कायाकल्प किया जाना है। झारखंड़ में 7 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संचालित किए जा रहे हैं। झारखंड़ के सभी रेलवे मार्गों का सौ प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा चुका है। आज के प्रेसवार्ता में सांसद विद्युत वरण महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला प्रभारी बबन गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।