




कुजू। कुछ दिनों पूर्व सहयोगी नगर, सेवटा निवासी अमन दुबे का मारपीट बाद इलाज के दौरान हुए मौत मामले में कुजू पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही, पुलिस ने तीन मोबाइल फोन जब्त किया है। इस संबंध में कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि बीते 11 जून को सहयोगी नगर, सेवटा निवासी अमन दुबे पिता स्व. राम कुमार दुबे के साथ मारपीट की घटना हुई थी। जहां इलाज के दौरान अमन की मृत्यु हो गई थी। जिसको लेकर अमन की मां किरण देवी के आवेदन देकर मामला दर्ज कराया था। जिसमें कांड संख्या 135/2026, दिनांक 12 जून 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन की जा रही थी। प्राथमिकी में नामजद जसवंत राम, सुमन देवी एवं अन्य लोगों की जांच के दौरान पुलिस ने रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिरका स्थित कहुवा बेड़ा ऊपर टोला का निवासी जसवंत राम उर्फ जसवंत प्रजापति और सहयोगी नगर सेवटा निवासी सुमन देवी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही उनके पास से मोबाइल फोन जब्त किया गया। वहीं जांच के लिए मृतक अमन दुबे का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आपी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जसवंत प्रजापति ने पूछताछ के दौरान अमन कुमार पर सुमन देवी के बीच संबंध होने का संदेह था। जिसके शक होने के कारण 11 जून को सहयोगी नगर स्थित अपने किराये के मकान में सुमन देवी के सहयोग से उसने अमन कुमार के साथ मारपीट की थी। उन्होंने बताया कि सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार दोनों को जेल भेज दिया गया। अभियान में ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, पुअनि प्रदीप कुमार रजक के अलावे महिला पुलिसकर्मी एवं सशस्त्र बल शामिल रहे।



