




रामगढ़ जिले के उपायुक्त ऋतुराज ने दुलमी प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास योजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों, प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दौरे के क्रम में उपायुक्त ने बरदबेचवा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पोषण व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में संचालित सेवाओं की समीक्षा करते हुए लाभुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। इसके पश्चात उन्होंने इचातु पंचायत भवन का निरीक्षण किया तथा पंचायत परिसर में आयोजित गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होकर गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
इसके बाद उपायुक्त ने स्थानीय उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित किया तथा स्वयं कक्षा लेकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं पठन-पाठन की व्यवस्था की भी समीक्षा की।
दौरे के दौरान उपायुक्त ने झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय में इस वर्ष दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके परिश्रम एवं शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी छात्रों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त ने दुलमी प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में संचालित कार्यों, लंबित मामलों एवं आमजन से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित से संबंधित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कार्यालयों में आने वाले लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत उपायुक्त भैरवी डैम पहुंचे, जहां उन्होंने मत्स्य समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। समिति के सदस्यों ने मत्स्य पालन से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों से उन्हें अवगत कराया, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
दौरे के अंतिम चरण में उपायुक्त ने क्षेत्र में संचालित नहर निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया तथा कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सिंचाई एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर एनडीसी रविंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार मिश्रा, अंचल अधिकारी किशोरी यादव, दुलमी प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।



