




रामगढ़: उपायुक्त श्री ऋतुराज की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभा कक्ष में लाइवलीहुड टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में रोजगार सृजन, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।*
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि पीएमएफएमई, पीएमईजीपी एवं मुद्रा लोन से संबंधित सभी आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुकों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी बीआरपी बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कम से कम 5-5 आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करें।
लघु एवं कुटीर उद्योगों के अंतर्गत राज्य से प्राप्त माटी कला एवं अन्य विशेष घटक से संबंधित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि सभी स्किल सेंटर निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों तथा कहीं भी अवैध राशि की वसूली की शिकायत न मिले। साथ ही नियोजन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे नियमित रूप से सभी प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण करें।
इसके अतिरिक्त, रोजगार मेला के समय पर आयोजन एवं उसमें स्थानीय कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आईटीआई कैथा आदि से पास आउट विद्यार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। आईटीआई कैथा में स्थानीय मांग के अनुरूप नए ट्रेड जोड़ने हेतु प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
बैठक में यह भी कहा गया कि सभी योजनाओं का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ना है, अतः सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।



