




रामगढ़:जामताड़ा जिला के गांधी मैदान प्रांगण में आयोजित 20वीं जूनियर बालिका राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान (उप-विजेता) प्राप्त कर जिला लौटने पर रामगढ़ जिला खो-खो बालिका टीम के खिलाड़ियों ने आज समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज से शिष्टाचार मुलाकात की एवं उनका मार्गदर्शन व आशीर्वाद प्राप्त किया।
विदित हो कि उक्त प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय खो-खो महासंघ के दिशा-निर्देशानुसार तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार एवं जिला प्रशासन जामताड़ा के सहयोग से किया गया था। झारखंड राज्य खो-खो संघ के वार्षिक खेल कैलेंडर के अनुरूप जामताड़ा जिला खो-खो संघ, ऑल स्पोर्ट्स एकेडमी एवं झारखंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 29 मई 2026 से 31 मई 2026 तक इसका सफल संचालन किया गया।
प्रतियोगिता के अत्यंत प्रतिस्पर्धी फाइनल मुकाबले में रामगढ़ जिला की बालिका टीम का सामना रांची जिला की टीम से हुआ। कड़े संघर्ष और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रामगढ़ की टीम मात्र 01 अंक के अंतर से उप-विजेता रही। टीम के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन की राज्य स्तर पर सराहना की गई है।
मौके पर उपायुक्त श्री ऋतुराज ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में मात्र एक अंक से पीछे रहना हार नहीं, बल्कि आगामी बड़ी सफलताओं की आधारशिला है। उन्होंने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना की और आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन स्थानीय खेल प्रतिभाओं को हर संभव अत्याधुनिक सुविधाएं और सहयोग प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।
उप-विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि रामगढ़ की बेटियों ने राज्य स्तर पर जिला का मान बढ़ाया है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया।
जिला खेल पदाधिकारी, रामगढ़ श्री संजीत कुमार के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने उपायुक्त महोदय से भेंट की। इस अवसर पर मुख्य रूप से झारखंड राज्य खो-खो संघ से संतोष प्रसाद,श्री नवीन कुमार ठाकुर,श्री प्रकाश ओझा सहित अन्य उपस्थित थे ।



