




RANCHI : राज्यसभा चुनाव परिणाम के बाद पहले काँग्रेस प्रभारी के राजू और अब मंत्री इरफान अंसारी ने राजद पर बड़ा हमला बोल है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में आरजेडी से बड़ी "गद्दार" कोई पार्टी नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी अपनी गलतियों को छिपाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही है. इससे कांग्रेस पार्टी आहत है. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में झामुमो और कांग्रेस पूरी तरह एकजुट हैं और दोनों दलों के पास सरकार चलाने के लिए पर्याप्त विधायक हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड में आरजेडी की कोई आवश्यकता नहीं है और जल्द ही उसे सरकार से बाहर किया जा सकता है.
इरफान अंसारी ने कहा कि आरजेडी ने कांग्रेस को धोखा दिया है और उसकी पीठ में छुरा घोंपा है. कांग्रेस इस घटना को राजनीतिक इतिहास के रूप में याद रखेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी के चारों विधायकों ने उद्योगपति उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया, जो कांग्रेस के साथ विश्वासघात है.
इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करते हुए कहा कि जिस तरह बिहार में झामुमो के साथ धोखा हुआ, उसी तरह झारखंड में कांग्रेस के साथ भी विश्वासघात किया गया है. इसलिए आरजेडी को सरकार से बाहर करने पर विचार किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व हमेशा गठबंधन धर्म निभाने की बात करता रहा है, लेकिन इस घटना के बाद मैं खुद कहूंगा कि मुसलमानों का एक भी वोट आरजेडी को नहीं मिले.
इरफान अंसारी ने कहा कि आरजेडी ने राजनीतिक मर्यादाओं और नैतिकता की सारी सीमाएं पार कर दी हैं. जनता इस विश्वासघात को नहीं भूलेगी और यह घटना इतिहास में दर्ज की जाएगी. ये बातें स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं.



