




कुजू। मांडू प्रखंड के ग्राम डटमा निवासी दिलीप प्रसाद की पुत्री निधि प्रसाद का चयन “नया विकसित भारत” कार्यक्रम के लिए झारखंड से किया गया। इस अवसर पर उन्हें नई दिल्ली स्थित संसद भवन भेजा गया, जहां उन्होंने देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच अपनी प्रतिभा और विचारों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान निधि प्रसाद ने ओम बिरला तथा अन्य सांसदों की उपस्थिति में देश के विकास, विकसित भारत के निर्माण और नारी शक्ति की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। उनके विचारों की सराहना की गई। निधि की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे झारखंड और ग्राम डटमा का गौरव बढ़ा है। क्षेत्रवासियों ने इसे युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। निधि प्रसाद की सफलता पर झारखंड प्रदेश शौंडिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अनिल प्रसाद, केंद्रीय महामंत्री कुलदीप प्रसाद, केंद्रीय कोषाध्यक्ष शंकर प्रसाद सहित समस्त शौंडिक परिवार ने उन्हें एवं उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि निधि की यह उपलब्धि राज्य की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।



