12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला आयुष समिति द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजनBy Admin Sun, 21 June 2026 05:35 PM







"योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं, स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में करें योगदान" : उपायुक्त श्री ऋतुराज

रामगढ़: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला आयुष समिति रामगढ़ एवं नमामि गंगे योजना के संयुक्त तत्वावधान में श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने की।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया तथा विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम की विधियों का अभ्यास किया।

 योग हमारी प्राचीन संस्कृति और स्वस्थ जीवन का आधार है : उपायुक्त

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक वैज्ञानिक एवं प्रभावी पद्धति है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, तनाव और विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ जीवन का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। नियमित योगाभ्यास से न केवल व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा भी प्राप्त करता है।
उपायुक्त ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य केवल एक दिन योग करना नहीं, बल्कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजनों से प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।*

 योग से मिलता है संपूर्ण स्वास्थ्य का लाभ : उप विकास आयुक्त

उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित बनाने का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति अनेक बीमारियों से बच सकता है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक तनाव को कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यार्थियों के लिए योग विशेष रूप से लाभकारी है क्योंकि इससे उनकी एकाग्रता, स्मरण शक्ति और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।उप विकास आयुक्त ने उपस्थित सभी लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेते हुए स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।

*कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं जनकल्याण के संदेश के साथ किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला आयुष समिति द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement