चैनपुर में हर मंगलवार लगेगी जनसुनवाई, SDPO श्रुति ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएंBy Admin Tue, 23 June 2026 05:38 PM







चैनपुर : अनुमंडल क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए चैनपुर एसडीपीओ श्रुति ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब हर मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जहां लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे।

इसी क्रम में मंगलवार को चैनपुर थाना परिसर स्थित सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। एसडीपीओ श्रुति ने एक-एक कर सभी लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

एसडीपीओ श्रुति ने बताया कि जनसुनवाई का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना और पुलिस तथा जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि चैनपुर, डुमरी, जारी, कुरुमगढ़, रायडीह और सुरसंग थाना क्षेत्र के लोग हर मंगलवार को अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की परेशानी है या उसकी शिकायत का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है, तो वह सीधे जनसुनवाई में आकर अपनी बात रख सकता है। लोगों की समस्याओं का निष्पक्ष और त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

जनसुनवाई के पहले दिन ही कई मामलों में मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस पहल को लेकर ग्रामीणों ने खुशी जताई और कहा कि अब उन्हें अपनी समस्याओं को लेकर इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। साथ ही प्रशासन और आम लोगों के बीच विश्वास भी और मजबूत होगा। 

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement