




घाघरा : भारतीय जनता पार्टी घाघरा मंडल द्वारा मंगलवार को जनसंघ के संस्थापक और प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को बलिदान दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्होंने "एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे" के विचार के साथ राष्ट्रीय एकता के लिए संघर्ष किया। उनके विचार और राष्ट्रवादी सोच आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्शों पर चलकर ही राष्ट्र को और मजबूत बनाया जा सकता है। इस अवसर पर उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में घाघरा मंडल अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी, अमित ठाकुर, श्याम किशोर पाठक सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।



