




रांची- झारखंड टी20 फाइनल के दौरान आज स्टेडियम में अत्यधिक भीड़ के कारण हालात बेकाबू हो गए। सूत्रों के अनुसार, स्टेडियम का वेस्ट गेट पहले से बंद कर दिया गया था, जबकि सबसे ज्यादा भीड़ उसी गेट के बाहर जमा हो गई थी। जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, प्रवेश रोक दिया गया, जिससे दर्शकों का धैर्य टूट गया और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।
बताया जा रहा है कि गुस्साई भीड़ ने वेस्ट गेट को तोड़ दिया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसा माहौल बन गया। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद स्टेडियम परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया।
जेएससीए सूत्रों के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने में प्रशासन पूरी तरह से असफल रहा। इससे पहले जेएससीए में कई अंतरराष्ट्रीय मैच सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं, लेकिन झारखंड टी20 लीग के दौरान इस तरह की अव्यवस्था पहली बार देखने को मिली है। बताया जा रहा है कि कमजोर प्रबंधन और मुफ्त प्रवेश व्यवस्था भी भीड़ के अनियंत्रित होने का बड़ा कारण बनी।
जेएससीए के मीडिया प्रभारी जयकुमार सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की है।



