सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक ।By Admin Wed, 24 June 2026 07:41 PM









रामगढ़: जिला समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को उपायुक्त ,रामगढ़ श्री ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया।


समीक्षा के क्रम में चुट्टूपालू घाटी में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने हेतु किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई। उपायुक्त ने वर्तमान में घाटी में लगाई गई लाइटों के नियमित रूप से कार्य करने की स्थिति की जांच की। उन्होंने घाटी क्षेत्र में दुर्घटनाओं को रोकने हेतु लगाए गए साइन बोर्ड की संख्या में वृद्धि करने तथा वाहनों की गति (स्पीड) को नियंत्रित करने हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही घाटी में ओवर स्पीडिंग पर रोक लगाने, हाई मास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने और ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर उन स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई कर दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान 'हिट एंड रन' दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इस योजना के तहत मिलने वाली मुआवजा प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी श्री राजेश एक्का को निर्देशित किया कि 'हिट एंड रन' के तहत आए सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि प्रभावित परिवारों को ससमय राहत और मुआवजा मिल सके। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना को रोकने एवं अवैध परिवहन पर पूरी तरह से रोक लगाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जाँच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए बैठक में एक विशेष समिति का गठन करने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु निर्देश दिए ताकि यातायात सुगम हो सके और आम जनता को परेशानी न हो।

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई करते हुए चालान काटने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों में हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं'अभियान को सख्ती से जारी रखने की बात कही गई।

*बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्ति को त्वरित अस्पताल पहुंचाने वाले मददगारों को प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना है ताकि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को 'गोल्डन ऑवर' (कीमती समय) में तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा सके और उसकी जान बचाई जा सके।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की  सहित अन्य मौजूद थे।

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement