





मानगो: पवित्र एकादशी व्रत के अवसर पर मानगो निवासी खूबलाल पंडित के सौजन्य से उनके आवास पर विशेष यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठान का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल मानगो से बढ़ानो स्थित उत्तरवाहिनी नदी से जल लाकर की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। यज्ञ में श्री अरविंद पाण्डेय एवं श्री दीपक पाण्डेय के नेतृत्व में विद्वान पुरोहितों द्वारा श्रद्धालुओं से आहुतियां डलवाई गईं।
धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने और भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान "जय श्री राम", "जय श्री हरि" एवं "ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
आयोजक विजय पंडित ने बताया कि इस यज्ञ एवं अनुष्ठान का उद्देश्य क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।
यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय श्रद्धालुओं एवं युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।




