उदित राज प्रकरण की निष्पक्ष जांच एवं न्याय की मांग को लेकर धरना स्थल पहुंचे कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादवBy Admin Thu, 25 June 2026 06:33 PM









कोडरमा: उदित राज की संदिग्ध मृत्यु के मामले में न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार द्वारा 1 जून 2026 से जिला समाहरणालय, कोडरमा के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना जारी है। इसी क्रम में 25 जून 2026 को कांग्रेस विधायक दल के नेता एवं पौड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा आंदोलनकारियों से भी संवाद किया। मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक की अध्यक्षता एवं उदित राज न्याय मंच के पदाधिकारियों की उपस्थिति में एक सभा आयोजित की गई।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि उदित राज प्रकरण में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में कोडरमा जिले में लगातार आपराधिक घटनाएं हुई हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने उदित राज को न्याय दिलाने के लिए चल रहे आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक आंदोलनों से जनप्रतिनिधियों को जनता की आवाज सदन तक पहुंचाने की शक्ति मिलती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस मामले की सीआईडी जांच की मांग सरकार के समक्ष मजबूती से उठाई जाएगी तथा पीड़ित परिवार की मुलाकात माननीय मुख्यमंत्री से कराने का प्रयास किया जाएगा।

सभा की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक ने कहा कि उदित राज को न्याय दिलाना केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा न्याय सुनिश्चित होने तक लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने सभी सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों तथा आम नागरिकों से न्याय की इस लड़ाई में एकजुट होकर सहयोग करने की अपील की।

सभा को जिला परिषद सदस्य महादेव राम, उदित राज न्याय मंच के संयोजक रविशंकर यादव, आम आदमी पार्टी के नेता दामोदर यादव, कांग्रेस प्रदेश सचिव मनोज सहाय उर्फ पिंकू, कांग्रेस जिला महासचिव अनिल यादव, सीपीएम जिला सचिव असीम सरकार सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर अनंत कुमार मेहता, सुरेश यादव, पूर्व प्रमुख महेंद्र यादव, मुखिया कन्हाई यादव, सदानंद यादव, लक्ष्मण मंडल, सुरेंद्र भाई मोदी, पवन कुमार सिंह, कयूम उद्दीन, रामेश्वर यादव, असगर अली, शिवनंदन शर्मा, विजय यादव, रंजन यादव, रोहित यादव, आदित्य राज सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित थे।

अंत में उदित राज के पिता विजय यादव ने सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए न्याय की इस लड़ाई में निरंतर सहयोग की अपील की।

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement