





रामगढ़ में शनिवार को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय परिसर में नवनिर्मित सहायता केंद्र का उद्घाटन किया और जन शिकायत कोषांग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने एक लाभुक से बातचीत कर शिकायतों के निपटारे की जानकारी ली। लाभुक ने बताया कि उसकी समस्या सिर्फ एक सप्ताह के भीतर हल कर दी गई। इस पर आयुक्त ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना की।
इसके बाद समीक्षा बैठक में आयुक्त ने राजस्व, भूमि, खनन, परिवहन और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अवैध खनन और अवैध परिवहन पर सख्ती बरतने, सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने और लंबित राजस्व मामलों के जल्द निपटारे के निर्देश दिए।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर परिषद को नालियों की सफाई और जलजमाव रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया। वहीं परिवहन विभाग को स्कूल बसों की फिटनेस जांच और एक्सपायरी रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
दौरे के दौरान रामगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर भी विशेष चर्चा हुई। आयुक्त ने इन धरोहरों को सुरक्षित रखने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया।
इसी अवसर पर आपदा प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत भी दी गई। आयुक्त विजय कुमार गुप्ता और उपायुक्त ऋतुराज ने संयुक्त रूप से 52 लाख 65 हजार 500 रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजी। यह राशि वज्रपात, पानी में डूबने और सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों तथा पशुहानि झेलने वाले लाभुकों को दी गई।
आयुक्त ने कहा कि सरकार हर आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है, जबकि उपायुक्त ने अधिकारियों को राहत मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




