पीएम स्वनिधि योजना बनी स्ट्रीट वेंडर्स की ताकत, छह साल पूरे होने पर महोत्सव आयोजितBy Admin Sat, 27 June 2026 06:22 PM









रांची: प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के सफलतापूर्वक छह वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को रांची नगर निगम सभागार में 'स्वनिधि महोत्सव' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, उनके व्यवसाय के विस्तार को बढ़ावा देना तथा योजना से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर रोशनी खलखो एवं उपमहापौर नीरज कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण चक्र, समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज सब्सिडी, डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि तथा 'स्वनिधि से समृद्धि' अभियान के तहत मिलने वाली अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

महोत्सव में कई स्ट्रीट वेंडर्स ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि योजना के तहत मिले ऋण से उनका व्यवसाय बढ़ा है और आय में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

नगर निगम की ओर से बताया गया कि रांची नगर निगम क्षेत्र में अब तक 14,444 स्ट्रीट वेंडर्स को कुल 29.84 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। कार्यक्रम में पात्र लाभार्थियों को 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये के सांकेतिक ऋण स्वीकृति पत्र एवं चेक भी वितरित किए गए।

महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडर्स के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लाभार्थियों से अपने व्यवसाय को आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ शहर की स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

उपमहापौर नीरज कुमार ने कहा कि यह योजना छोटे व्यापारियों के लिए सम्मानजनक आजीविका और आत्मनिर्भरता का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। उन्होंने बताया कि भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को आधुनिक एवं आकर्षक ठेलों का वितरण भी किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता और व्यवस्थित व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में रांची नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, नगर अभियान प्रबंधक, सामुदायिक संगठनकर्ता, सामुदायिक संसाधन सेविकाएं तथा निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement