





रांची: युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जवाहर विद्या मंदिर (जेवीएम) श्यामली की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा शनिवार को "नशा मुक्त भारत" अभियान के तहत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के लगभग 100 एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहरवासियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो", "स्वस्थ युवा, सशक्त भारत" तथा "नशा मुक्त भारत, हमारा संकल्प" जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। विद्यार्थियों ने लोगों से नशे की लत से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की। रैली को राहगीरों और स्थानीय लोगों का भी सकारात्मक समर्थन मिला।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य बी. एन. झा के मार्गदर्शन एवं उप-प्रधानाचार्या अनुपमा श्रीवास्तव के सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष मोती प्रसाद, टीजीटी (शारीरिक शिक्षा) कुनाल किशोर तथा पीजीटी (शारीरिक शिक्षा) एवं एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी ममता सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य बी. एन. झा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, खेल, सेवा और नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज के लिए प्रेरणा बनना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनएसएस स्वयंसेवक समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के सशक्त माध्यम बनेंगे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी स्वयंसेवकों और शिक्षकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए "नशा मुक्त भारत" के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।




